20 दिन बाद भी नहीं दिया चार्ज! पंचायत सचिव की मनमानी से परेशान हुआ पूरा गांव, पंचायत घर को ताला लगाने की चेतावनी
कांगड़ा की ग्राम पंचायत खोली में पंचायत सचिव के तबादले के बावजूद 20 दिन बाद भी चार्ज न देने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी से शिकायत कर जल्द समाधान की मांग की है।
सुमन महाशा। कांगड़ा
मनमानी से परेशान ग्रामीण, 20 दिन बाद भी पंचायत सचिव ने नहीं दिया चार्ज
ग्राम पंचायत खोली में पंचायत सचिव के तबादले के बावजूद चार्ज न देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार को ग्राम पंचायत खोली का एक प्रतिनिधिमंडल खंड विकास अधिकारी कांगड़ा से मिला और पंचायत सचिव सचिन सोनी के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पंचायत सचिव सचिन सोनी का तबादला 20 फरवरी 2026 को पंचायत अब्दुल्लापुर में कर दिया गया था, जबकि पंचायत सचिव अशोक कुमार को अब्दुल्लापुर से ग्राम पंचायत खोली स्थानांतरित किया गया था। लेकिन लगभग 20 दिन बीत जाने के बाद भी सचिन सोनी ने अपना चार्ज अशोक कुमार को नहीं सौंपा है।
ग्रामीणों के अनुसार इस संबंध में खंड विकास अधिकारी ने सचिन सोनी को निर्देश दिए थे कि वह जल्द से जल्द अपना चार्ज अशोक कुमार को सौंपें और दो दिन के भीतर इसकी सूचना दें, लेकिन इन निर्देशों का भी कोई असर नहीं हुआ और सचिव अभी भी मनमाने ढंग से कार्य कर रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सचिव की इस लापरवाही का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। इन दिनों बच्चों की परीक्षाएं चल रही हैं और कई विद्यार्थियों को स्कूलों के लिए विभिन्न प्रमाण पत्रों की आवश्यकता होती है। लेकिन पंचायत कार्यालय में कार्य न होने के कारण बच्चों और अभिभावकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके अलावा गांव के अन्य जरूरी दस्तावेज भी नहीं बन पा रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि सचिव की मनमानी से पूरा गांव परेशान है, जबकि विभाग भी इस मामले में मूकदर्शक बना हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि इस मामले का जल्द समाधान किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो गांव की समस्त जनता एकत्रित होकर पंचायत घर को ताला लगाने के लिए मजबूर हो जाएगी।
इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रधान केवल चौधरी, सूबेदार रोशन लाल, देवराज नाग, सतपाल, प्रताप चंद, पूर्ण चंद, रमेश चंद, जगदीश, प्रकाश, नरेंद्र और हंसराज सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0