पवन काजल बोले- दशहरे से पहले कांगड़ा की सड़कें होंगी दुरुस्त
भारी बारिश से क्षतिग्रस्त कांगड़ा की सड़कों की मरम्मत की मांग पवन काजल ने उठाई। बोले- सरकार नाकाम रही तो विधायक निधि से होंगे काम।

सुमन महाशा। कांगड़ा
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं कांगड़ा सदर के विधायक पवन काजल ने कहा कि भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि कांगड़ा क्षेत्र की सड़कों की शीघ्र मरम्मत करवाई जाए।
शनिवार को निचली ढुगियारी गांव से आए प्रतिनिधिमंडल से बातचीत में पवन काजल ने कहा कि “समेला सुरंग से घुरकड़ी तक सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे पड़ गए हैं। हालात इतने खराब हैं कि वाहनों का दुर्घटनाग्रस्त होना आम बात बन गई है।”
काजल ने भरोसा दिलाया कि अगर मौसम साफ रहा तो दशहरे से पहले कांगड़ा शहर और आसपास की सभी संपर्क सड़कों की मरम्मत कर वाहनों की आवाजाही सुचारू कर दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने सड़क मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत नहीं किया तो वे विधायक निधि से राशि खर्च कर मरम्मत कार्य करवाएंगे।
सड़कों के अलावा विधायक काजल ने प्रदेश सरकार पर स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और राजस्व विभाग में स्थायी अधिकारियों की नियुक्ति न करने पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांगड़ा प्रदेश की सबसे बड़ी तहसील है, लेकिन यहां लंबे समय से स्थायी तहसीलदार और नायब तहसीलदार की नियुक्ति नहीं की गई, जिससे लोगों को राजस्व कार्यों के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
काजल ने विधानसभा में सरकार पर गलत आंकड़े पेश कर जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया।
इस मौके पर अशोक कुमार (जयंती मंडल अध्यक्ष), चमेल सिंह, ईश्वर दास, ज्योति देवी, प्रवीण कुमारी, मदन लाल, बलदेव सिंह, संजीव कुमार, सुजल, रक्षित, कमलेश कुमारी, सुनीता और रीना सहित ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने गांव के लिए नई सड़क निर्माण को प्राथमिकता देने पर विधायक का आभार भी जताया।
What's Your Reaction?






