21 दिसंबर को कांगड़ा जिले में “दो बूंद जिंदगी की” अभियान, एक भी बच्चा न छूटे—एडीसी विनय कुमार
कांगड़ा जिले में 21 दिसंबर 2025 को पल्स पोलियो अभियान आयोजित किया जाएगा। जिला टास्क फोर्स बैठक में एडीसी विनय कुमार ने निर्देश दिए कि शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा पोलियो खुराक से वंचित न रहे।
धर्मशाला। ब्यूरो रिपोर्ट
जिला कांगड़ा स्वास्थ्य विभाग द्वारा आगामी 21 दिसंबर, 2025 को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला टास्क फोर्स फॉर इम्यूनाइजेशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त कांगड़ा विनय कुमार ने की।
एडीसी विनय कुमार ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में पोलियो पर नियंत्रण पाया जा चुका है, लेकिन इस सुरक्षा कवच को बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए आईईसी गतिविधियों, अंतर-विभागीय समन्वय और समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया।
स्वास्थ्य विभाग ने की पूरी तैयारी
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक करोल ने सभी संबंधित विभागों से अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग और सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश सूद ने 21 दिसंबर को होने वाले पल्स पोलियो अभियान की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिले के सभी पात्र बच्चों को “दो बूंद जिंदगी की” पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बूथ, मोबाइल टीमें और दूरदराज क्षेत्रों पर फोकस
बैठक में बूथ स्तर की व्यवस्थाओं, मोबाइल टीमों की तैनाती, पर्यवेक्षण, लॉजिस्टिक प्रबंधन तथा दूरस्थ और कठिन पहुंच वाले क्षेत्रों तक पहुंच सुनिश्चित करने जैसे अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अभियान की नियमित समीक्षा की जाएगी, ताकि 21 दिसंबर को जिला कांगड़ा में पल्स पोलियो अभियान को पूरी तरह सफल बनाया जा सके।
बैठक में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. महिमा कौल, एएमओ डॉ. शिखा, आईपीओ प्रवीण कुमार, एमओ डॉ. अपूर्व त्रिखा, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास) अशोक कुमार, जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर, चिन्मय मिशन की सेवा शाखा, रोटरी क्लब सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधि एवं जिले के सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0