प्रदेश की शिक्षा की गुणवत्ता में हो रहा सुधार : बाली
नगरोटा बगवां कॉलेज समारोह में आरएस बाली ने शिक्षा सुधार, गर्ल्स हॉस्टल, कंप्यूटर लैब और इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़े ऐलान किए।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो, नगरोटा बगवां
प्रदेश सरकार ने प्रदेश के सभी तरह के शिक्षण संस्थानों की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए प्रयास किया है जिसके सकारात्मक परिणाम अब देखने को मिल रहे हैं। यह उद्गार पर्यटन निगम के अध्यक्ष एवं विधायक नगरोटा बगवां आरएस बाली ने राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय नगरोटा बगवां में केंद्रीय छात्र परिषद समारोह सबरस में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचने पर कहे। इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार सोनी, प्रताप रियाड़, अरुण कटोच, नीरज दुसेजा, पीटीए अध्यक्ष सुनील जोनु, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक और बच्चे मौजूद रहे। संबोधन के दौरान उन्होंने समस्त प्रशासन और छात्रों को सबरस सांस्कृतिक समारोह 2026 के भव्य आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा यह महाविद्यालय छात्रों के भविष्य को उज्जवल बनाने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा यह समय हमारी मेहनत करने का समय होता है जो छात्र इस समय का सदुपयोग कर कठिन परिश्रम करते हैं, उनका भविष्य उज्जवल बनता है।
उन्होंने कहा प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा की गुणवत्ता में बड़े बदलाव किए जा रहे हैं। प्राथमिक शिक्षा को इंग्लिश मीडियम करना, राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूलों को खोलने का निर्णय और प्रदेश में स्कूल सीबीएसई करने का निर्णय प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणात्मक शिक्षा देने के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।
नगरोटा कॉलेज में बाली ने किए बड़े ऐलान
उन्होंने कहा बेटियों के लिए इस महाविद्यालय में 5 करोड़ रुपए की लागत से गर्ल्स हास्टल बन रहा है जिसका काम जल्द पूरा होगा। इस हास्टल का अनेकों बेटियों को लाभ मिलेगा। सबरस समारोह में गायन, नृत्य, भाषण, कविता, रंगोली, फेंसी ड्रेस सहित अन्य अनेकों प्रतियोगिताएं करवाईं गई जिसमें महाविद्यालय के लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया। मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता में शामिल प्रतियोगियों को इनाम बांटे। उन्होंने कंप्यूटर लैब के लिए 22 लाख रुपये की लागत से 30 आधुनिक कंप्यूटर देने की घोषणा की। उन्होंने महाविद्यालय का मुख्य द्वार बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने युवाओं से चिट्टा सहित सभी तरह के नशे से हमेशा दूर रहने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0