शाहपुर नगर पंचायत के नव निर्वाचित पार्षदों ने ली शपथ, केवल सिंह पठानिया बोले- 24×7 जनता की सेवा के लिए रहें तत्पर

शाहपुर नगर पंचायत के नव निर्वाचित पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने पार्षदों से जनता की सेवा के लिए समर्पित रहने का आह्वान किया तथा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी।

Jun 12, 2026 - 15:40
 0  0
शाहपुर नगर पंचायत के नव निर्वाचित पार्षदों ने ली शपथ, केवल सिंह पठानिया बोले- 24×7 जनता की सेवा के लिए रहें तत्पर
शाहपुर नगर पंचायत के नव निर्वाचित पार्षदों ने ली शपथ, केवल सिंह पठानिया बोले- 24×7 जनता की सेवा के लिए रहें तत्पर

शाहपुर।

 शाहपुर नगर पंचायत के नव निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को सादगी एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर ने नव निर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इनमें वार्ड नंबर-1 से अभिषेक माथुर, वार्ड नंबर-2 से अनुपम, वार्ड नंबर-3 से बविता, वार्ड नंबर-4 से प्रीति परिहार, वार्ड नंबर-5 से राजीव सिंह, वार्ड नंबर-6 से नितिन कौशल तथा वार्ड नंबर-7 से विजय सिंह शामिल रहे।

इस अवसर पर विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सभी नव निर्वाचित पार्षदों और उनके परिवारजनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को 24 घंटे जनता की सेवा के लिए तत्पर रहना चाहिए और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर पंचायत शाहपुर में लगभग 10.43 करोड़ रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है।

केवल सिंह पठानिया ने बताया कि नागरिक अस्पताल शाहपुर में जल्द ही डायलिसिस की 10 मशीनें स्थापित की जाएंगी और ब्लड बैंक की सुविधा भी शुरू की जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि आईटीआई शाहपुर के समीप 40 नई दुकानों का निर्माण किया जाएगा, जिनमें फोरलेन परियोजना से प्रभावित दुकानदारों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा नगर पंचायत शाहपुर के लिए स्वीकृत 50 लाख रुपये की राशि के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया।

समारोह के दौरान नव निर्वाचित पार्षदों ने भी अपने विचार साझा किए और शाहपुर के विकास तथा जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस अवसर पर पार्षदों ने विधायक केवल सिंह पठानिया एवं उनकी धर्मपत्नी को टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं नगर पंचायत शाहपुर की ओर से एसडीएम गणेश ठाकुर को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षदों के परिवारजन तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0