सिया हत्याकांड: बेटी के खून वाली जगह पिता ने किया हवन

मंडी के सिया हत्याकांड में पिता ने घटनास्थल पर शांति हवन किया। परिवार सदमे में, न्याय की लड़ाई जारी, पुलिस जांच तेज।

Apr 25, 2026 - 10:42
 0  45
सिया हत्याकांड: बेटी के खून वाली जगह पिता ने किया हवन

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। मंडी 
मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल की गोपालपुर पंचायत के नैण गांव की बेटी सिया गुलेरिया की निर्मम हत्या के बाद परिवार गहरे सदमे में है। इस दर्दनाक घटना के बाद पिता जोगिंद्र सिंह ने एक ओर जहां न्याय की लड़ाई जारी रखी है, वहीं दूसरी ओर बेटी की आत्मा की शांति के लिए विशेष धार्मिक अनुष्ठान किया।

शुक्रवार को जोगिंद्र सिंह उस स्थान पर पहुंचे, जहां उनकी बेटी की हत्या हुई थी। यह स्थान उनके लिए किसी भयावह याद से कम नहीं, फिर भी उन्होंने साहस जुटाकर वहीं बैठकर शांति हवन किया। मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ आहुतियां दी गईं, ताकि उस स्थान की नकारात्मकता समाप्त हो और दिवंगत आत्मा को शांति मिल सके। इस दौरान वहां मौजूद ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।

यह अनुष्ठान दो चरणों में संपन्न हुआ। सुबह सबसे पहले घर पर शांति पाठ और हवन किया गया, जिसमें परिवार के सदस्य और करीबी लोग शामिल हुए। इसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और वहां भी विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की।

गौरतलब है कि 13 अप्रैल को कॉलेज जा रही सिया की घर से करीब एक किलोमीटर दूर हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पिता जोगिंद्र सिंह ने कहा कि वे अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे, लेकिन एक पिता होने के नाते उनका पहला कर्तव्य उसकी आत्मा को शांति दिलाना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0