मंडी में कार में मिला शव, मनाली से लौट रहा था व्यक्ति
मंडी के पद्धर में कार से 54 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद। मनाली से लौटते वक्त हुई मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला में एक कार के अंदर व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, यह मामला पद्धर उपमंडल के सालगी क्षेत्र का है। मृतक की पहचान 54 वर्षीय लोहरी राम, निवासी गांव कण्डगवाल टिक्कर, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लोहरी राम 16 अप्रैल को मनाली से अपने घर के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सालगी मोड़ के पास एक कार (HP 01 D 6868) लंबे समय से संदिग्ध हालत में खड़ी है। मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम ने एक स्थानीय मैकेनिक की मदद से कार का दरवाजा खोला, जहां चालक सीट पर व्यक्ति मृत अवस्था में मिला।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रीजनल फोरेंसिक साइंस लैब (RFSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए, हालांकि शव में सड़न शुरू हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। परिजनों ने अभी तक किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0