पंचायत चुनावों में कांग्रेस को जनता ने दिया करारा जवाब! जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर साधा बड़ा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने पंचायत चुनाव परिणामों को कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश बताया। उन्होंने सुक्खू सरकार पर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए क्रैक एकेडमी मामले में मुख्यमंत्री से जवाब मांगा।
मंडी।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को पंचायतीराज चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण में अपनी गृह पंचायत मुरहाग में मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में सहभागिता निभाई। मतदान के बाद उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए पंचायत चुनावों के परिणामों को कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनादेश बताया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चुनावों को समय पर कराने के बजाय विभिन्न बहानों के आधार पर टालने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव प्रक्रिया के दौरान सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया तथा कई प्रकार के प्रलोभन और दबाव की राजनीति अपनाई, लेकिन प्रदेश की जागरूक जनता ने इन सबको नकारते हुए अपना स्पष्ट संदेश दे दिया है।
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि पंचायत चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को व्यापक जनसमर्थन मिला है, जो प्रदेश में कांग्रेस सरकार की नीतियों के प्रति जनता की नाराजगी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम आगामी राजनीतिक परिदृश्य का संकेत है और सरकार को जनता के इस संदेश को गंभीरता से लेना चाहिए।
इस दौरान जयराम ठाकुर ने सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तुंगाधार की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से भी मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पंचायतों के विकास के लिए कार्य करेंगे।
क्रैक एकेडमी मामले में मुख्यमंत्री से मांगा जवाब
जयराम ठाकुर ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हालिया कार्रवाई का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग और रियल एस्टेट से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किए गए कुछ प्रमोटरों तथा प्रदेश में संचालित क्रैक एकेडमी के बीच संबंधों को लेकर मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता के सामने स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने कौशल विकास और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के नाम पर इस संस्थान को बढ़ावा दिया था। ऐसे में ईडी की कार्रवाई के बाद सरकार की भूमिका और संबंधों को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब मुख्यमंत्री को देना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी सामने आती है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने सरकार से पूरे मामले में पारदर्शिता बरतने की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0