कांगड़ा नगर परिषद को मिली नई कार्यकारिणी, सुमन वर्मा अध्यक्ष और राजकुमारी उपाध्यक्ष निर्वाचित
कांगड़ा नगर परिषद में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव संपन्न हुए। सुमन वर्मा अध्यक्ष तथा राजकुमारी उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। एसडीएम कांगड़ा ने नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई।
सुमन महाशा। कांगड़ा
कांगड़ा नगर परिषद के चुनावी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मंगलवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा ईशांत जसवाल ने नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इसके उपरांत नगर परिषद कांगड़ा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए नियमानुसार नामांकन प्रक्रिया आयोजित की गई। अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन प्राप्त होने पर सुमन वर्मा को निर्विरोध नगर परिषद कांगड़ा का अध्यक्ष घोषित किया गया।
वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए भी एकमात्र नामांकन दाखिल होने के चलते राजकुमारी को निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
एसडीएम ईशांत जसवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि नगर परिषद कांगड़ा को नई कार्यकारिणी मिलने से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और शहर के विकास से जुड़े कार्यों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित होगा।
अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद सुमन वर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद के विकास कार्यों और भावी योजनाओं को लेकर चर्चा की।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0