महाशिवरात्रि पर ऊना शिवमय, मंदिरों में उमड़ेगी भीड़
ऊना में महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में विशेष सजावट, भंडारे और रात्रि जागरण की तैयारी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए।
ऊना। महाशिवरात्रि पर जिले के शिवालयों में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख शिव मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया है। पूरा माहौल शिवमय हो गया है। रविवार को सभी शिवालय भोले बाबा के जयकारों से गूंज उठेंगे।
श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए सभी प्रमुख शिवालयों के कपाट देर रात 12 बजे के बाद खोल दिए जाएंगे। भक्त कतारों में लगकर भगवान शिव के दर्शन करेंगे और रात्रि जागरण में भाग लेंगे। जिला के प्रसिद्ध प्राचीन द्रौण महादेव मंदिर शिवबाड़ी, ध्यूंसर महादेव, बनौड़े महादेव, महादेव मंदिर कोटला कलां सहित अन्य शिव मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी।
मंदिर समितियों की ओर से दर्शन, पूजा-अर्चना और सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। महाशिवरात्रि पर सभी मंदिरों में भंडारों का आयोजन किया जाएगा। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए फलाहार और विशेष प्रसाद की अलग व्यवस्था की गई है। प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से भीड़ नियंत्रण और सुविधाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0