ऊना में ट्रक चालक ने तोड़े ताले, CCTV में कैद चोरी
ऊना के अंब में ट्रक चालक ने दुकान के ताले तोड़कर महंगे औजार चोरी किए। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान, पुलिस कर रही छापेमारी।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। ऊना
जिला ऊना के अंब क्षेत्र में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नैहरियां रोड पर स्थित एक ट्रक रिपेयर दुकान को निशाना बनाते हुए एक ट्रक चालक ने रात के अंधेरे में ताले तोड़कर हजारों रुपये के महंगे औजार चोरी कर लिए। पूरी घटना आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है।
शिकायतकर्ता अश्वनी कुमार, निवासी अंदौरा ने बताया कि वह 31 मार्च की शाम को अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। 1 अप्रैल को पारिवारिक कारणों के चलते दुकान नहीं खोल सके। 2 अप्रैल की सुबह जब उन्होंने दुकान खोली, तो ताले टूटे हुए मिले और अंदर रखा सामान गायब था। चोरी हुए सामान में छोटे-बड़े जैक, टायर रॉड, चाबी पाने सहित अन्य महंगे औजार शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अंब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक ट्रक संदिग्ध अवस्था में दुकान के पास खड़ा दिखाई दिया। गहन जांच में आरोपी की पहचान अमित कुमार, निवासी कांगड़ा के रूप में हुई, जो फुटेज में चोरी करते हुए साफ नजर आ रहा है।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी और चोरीशुदा सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, वहीं CCTV फुटेज के चलते पुलिस को मामले को सुलझाने में बड़ी मदद मिली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0