हरोली में नाबालिग बरामद, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

ऊना के हरोली में नाबालिग को भगाने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार किया। बच्ची को राजपुरा से बरामद कर परिजनों को सौंपा।

Apr 21, 2026 - 10:15
 0  126
हरोली में नाबालिग बरामद, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। ऊना (हरोली)
ऊना जिले के हरोली थाना क्षेत्र में नाबालिग को भगाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही नाबालिग को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, परिजनों ने बच्ची के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी और एक व्यक्ति पर संदेह जताया था। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी सुनील सांख्यान और पंडोगा पुलिस चौकी प्रभारी गुरध्यान शर्मा के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया।

पुलिस ने तकनीकी सहायता और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ाई तथा पंजाब पुलिस की मदद भी ली। संयुक्त कार्रवाई के दौरान 24 घंटे के भीतर ही नाबालिग को पंजाब के राजपुरा रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया गया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्ची को उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सोमवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।

डीएसपी मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0