नगरोटा बगवां में बैंक अधिकारियों की सूझबूझ से 60 लाख की साइबर ठगी टली
नगरोटा बगवां में PNB अधिकारियों की सतर्कता से डिजिटल अरैस्ट साइबर ठगी का बड़ा मामला टला, ग्राहक के 60 लाख रुपये सुरक्षित बचाए गए।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। नगरोटा बगवां
नगरोटा बगवां में पंजाब नैशनल बैंक की शाखा के अधिकारियों की सतर्कता से “डिजिटल अरैस्ट” साइबर ठगी का एक बड़ा मामला समय रहते विफल कर दिया गया। इस कार्रवाई से एक ग्राहक को 60 लाख रुपये के भारी नुकसान से बचा लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंचायत मूमता के बण्डी गांव के 62 वर्षीय सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय अधिकारी सोमवार को बैंक शाखा में 60 लाख रुपये ICICI Bank के खातों में ट्रांसफर कराने पहुंचे थे। शाखा प्रबंधक हरिश चंद्र योगी ने इतनी बड़ी राशि के ट्रांसफर का कारण पूछा, जिस पर ग्राहक ने बताया कि वह यह रकम अपने बेटे को हैदराबाद में प्लॉट खरीदने के लिए भेज रहे हैं।
हालांकि, ग्राहक के बयान में कई विसंगतियां सामने आईं। उन्होंने बताया कि उनका बेटा चंडीगढ़ में नौकरी करता है, लेकिन प्लॉट हैदराबाद में खरीदा जा रहा है। ग्राहक की घबराहट और संपत्ति से जुड़ी ठोस जानकारी न दे पाने पर शाखा प्रबंधक और डिप्टी मैनेजर कपिल को शक हुआ।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक अधिकारियों ने ग्राहक के घर जाकर विस्तृत जांच की। इस दौरान खुलासा हुआ कि ग्राहक “डिजिटल अरैस्ट स्कैम” का शिकार हो चुका था। ठगों ने खुद को एटीएस (एंटी टेररिज्म स्क्वाड) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों का अधिकारी बताकर ग्राहक को झूठे आरोपों में फंसाने की धमकी दी थी। गिरफ्तारी का डर दिखाकर उस पर मानसिक दबाव बनाया गया और केस “सेटल” करने के नाम पर बड़ी रकम ट्रांसफर करने को कहा गया।
ठगों ने भरोसा जीतने के लिए सरकारी वर्दी में अपनी तस्वीरें भी भेजीं और ग्राहक को अन्य लोगों से संपर्क करने से रोक दिया। बैंक अधिकारियों की समझदारी और समय पर हस्तक्षेप से यह बड़ी साइबर ठगी टल गई।
इसके बाद बैंक अधिकारियों ने ग्राहक के साथ मिलकर साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज करवाई और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
सावधान रहें: “डिजिटल अरैस्ट” से कैसे बचें
- कोई भी सरकारी एजेंसी फोन/वीडियो कॉल पर पैसे ट्रांसफर करने को नहीं कहती
- डराने या तुरंत निर्णय लेने का दबाव = बड़ा संकेत
- ऐसे मामलों में तुरंत परिवार या पुलिस से संपर्क करें
- अनजान खातों में बड़ी राशि ट्रांसफर करने से पहले सत्यापन जरूर करें
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0