कांगड़ा में इलेक्ट्रिक बस डिपो को बीओडी की मंजूरी, 20 बसों से होगी शुरुआत
एचआरटीसी की 164वीं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स (बीओडी) की बैठक में कांगड़ा में इलेक्ट्रिक बस डिपो स्थापित करने को औपचारिक स्वीकृति मिल गई है।
सुमन महाशा । कांगड़ा
एचआरटीसी की 164वीं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स (बीओडी) की बैठक में कांगड़ा में इलेक्ट्रिक बस डिपो स्थापित करने को औपचारिक स्वीकृति मिल गई है। डिपो की शुरुआत 20 इलेक्ट्रिक बसों के साथ होगी। इससे क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं के विस्तार के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने डिपो की स्वीकृति प्रक्रिया में सहयोग देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी बधाई दी।
अजय वर्मा ने बताया कि कांगड़ा बस अड्डे पर इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित हो चुका है। यहां एक साथ दो बसों को चार्ज किया जा सकता है, जबकि शेड में छह बसों की चार्जिंग की सुविधा उपलब्ध है। डिपो कार्यालय बस अड्डे की ऊपरी मंजिल पर बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बीओडी की बैठक में 250 डीजल बसें और 100 मिडी बसें खरीदने को मंजूरी दी गई है। इसके अतिरिक्त लगभग 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें बेड़े में शामिल करने की दिशा में भी स्वीकृति प्रदान की गई है। कांगड़ा और हरौली में इलेक्ट्रिक बस डिपो की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
अजय वर्मा ने कहा कि कांगड़ा से एम्स बिलासपुर के लिए बस सेवा शुरू कर दी गई है। जल्द ही दूसरी बस भी चलाई जाएगी। इसके प्रस्तावित रूट में टांडा, नदरूल, गगल और रानीताल सहित अन्य क्षेत्र शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि हिम बस कार्ड के माध्यम से महिलाओं को बस किराये में 50 प्रतिशत छूट मिल रही है। वहीं, हिम बस प्लस कार्ड से यात्रियों को पांच प्रतिशत छूट मिलेगी, जिसमें यात्राओं की संख्या के अनुसार वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के विस्तार से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0