हमीरपुर की बेटी बनी Miss Asia International 2026
हमीरपुर की डॉ. अक्षिता ने Miss Asia International 2026 का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया। नई दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन।
रोज़ाना हिमाचल ब्यूरो। नादौन
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर की प्रतिभाशाली बेटी डॉ. अक्षिता ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए मिस एशिया इंटरनेशनल 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस बड़ी सफलता से न केवल हिमाचल बल्कि पूरे देश में गर्व का माहौल है।
नई दिल्ली में आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में विभिन्न देशों से आई प्रतिभागियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। रावल प्रोडक्शन हाउस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का निर्देशन दिशी भटनागर और ऋतु झा ने किया। प्रतियोगिता में डॉ. अक्षिता ने अपने आत्मविश्वास, आकर्षक व्यक्तित्व, सौम्यता और बुद्धिमत्ता के दम पर निर्णायकों को प्रभावित किया और विजेता बनीं।
इस खास मौके पर मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मानिका विश्वकर्मा ने उन्हें ताज पहनाकर सम्मानित किया, जिससे यह पल और भी यादगार बन गया। मुख्य खिताब के साथ-साथ डॉ. अक्षिता को मिस बेस्ट पर्सनैलिटी का उप-खिताब भी दिया गया, जो उनके मजबूत व्यक्तित्व और संतुलित सोच का प्रमाण है।
27 वर्षीय डॉ. अक्षिता वर्तमान में ओजस अलकेमिस्ट अस्पताल, पंचकुला में मेडिकल ऑफिसर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा द मैगनेट पब्लिक स्कूल, हमीरपुर से और वरिष्ठ माध्यमिक शिक्षा हमीरपुर पब्लिक स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने श्री लक्ष्मी नारायण कॉलेज, अमृतसर से स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
हमीरपुर की मूल निवासी डॉ. अक्षिता वर्तमान में पंचकुला (हरियाणा) में रह रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से उनके परिवार, क्षेत्र और पूरे प्रदेश में खुशी की लहर है।
डॉ. अक्षिता की सफलता आज की युवा पीढ़ी, खासकर महिलाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है। उन्होंने साबित कर दिया है कि मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0