चंबी स्टेडियम का निर्माण कार्य जारी, ढाई माह में खिलाड़ियों को मिलेंगी सुविधाएं
उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार सुबह चंबी मैदान पहुंचकर युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की और निर्माणाधीन स्टेडियम के कार्य का जायजा लिया।
विशाल वर्मा । शाहपुर
उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार सुबह चंबी मैदान पहुंचकर युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की और निर्माणाधीन स्टेडियम के कार्य का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने बताया कि स्टेडियम की रिटेनिंग वॉल के निर्माण पर करीब 20 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। वहीं, पवेलियन ब्लॉक, खिलाड़ियों के रेस्ट रूम, बाथरूम और चेंजिंग रूम सहित अन्य सुविधाओं का निर्माण कार्य जारी है। इन सुविधाओं को आगामी दो से ढाई माह के भीतर खिलाड़ियों को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।
पठानिया ने कहा कि चंबी स्टेडियम शाहपुर क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान करेगा। प्रदेश सरकार युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने एशियन गेम्स में हिमाचल की बेटियों के शानदार प्रदर्शन पर खुशी जताते हुए भारतीय महिला कबड्डी टीम की पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को बधाई दी। साथ ही चंबा के चुराह क्षेत्र की धाविका सीमा कुमारी को 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने पर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर युवा खिलाड़ियों ने स्टेडियम के विकास के लिए करीब एक करोड़ रुपये उपलब्ध करवाने और निर्माण कार्य को गति देने के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0