धर्मशाला में कांग्रेस ब्लॉक कमेटी की पहली मासिक बैठक, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

धर्मशाला कांग्रेस कार्यालय में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की पहली मासिक बैठक आयोजित की गई।

Aug 14, 2026 - 20:53
 0  18
धर्मशाला में कांग्रेस ब्लॉक कमेटी की पहली मासिक बैठक, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

संजीव भारद्वाज। धर्मशाला

धर्मशाला कांग्रेस कार्यालय में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की पहली मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरभजन सिंह चौधरी ने की। बैठक में नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक में संगठन को मजबूत करने और पार्टी की गतिविधियों को बूथ स्तर तक सक्रिय करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने तथा सरकार की नीतियों की जानकारी घर-घर तक ले जाने का संकल्प लिया।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरभजन सिंह चौधरी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती में प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आम जनता के साथ सीधे संपर्क में रहने और उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने की बात कही।

बैठक में कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की तैयारियों तथा पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने से पार्टी की गतिविधियों को और गति मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं और जनता के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।

इस दौरान पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिग्विजय पुरी के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

बैठक में पूर्व मेयर एवं प्रदेश कांग्रेस महासचिव देवेंद्र जग्गी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा पूर्व महापौर नीनू शर्मा सहित ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे।

बैठक के अंत में संगठन को जमीनी स्तर पर और सक्रिय बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित करने पर सहमति बनी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0