एचपीयू बी.कॉम. द्वितीय वर्ष परीक्षा परिणाम में छाए एमसीएम डीएवी कॉलेज के छात्र
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा घोषित बी.कॉम. द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम में एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया है।
सुमन महाशा। कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा घोषित बी.कॉम. द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम में एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। महाविद्यालय का परीक्षा परिणाम 100 प्रतिशत रहा, जिसने संस्थान की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा को एक बार फिर प्रमाणित किया है। इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
परिणामों में महाविद्यालय की छात्रा शैलजा ने 86.75 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। सानिया सयाल ने 85.37 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा शगुन ने 84.87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान अर्जित किया। विद्यार्थियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक प्रतिष्ठित किया है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह पटियाल ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा प्रदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में अग्रणी स्थान रखता है और यहां के विद्यार्थी निरंतर विश्वविद्यालय परीक्षाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त कर महाविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग तथा शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
प्राचार्य ने कहा कि महाविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों, शोध गतिविधियों, खेलकूद एवं सांस्कृतिक क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रहा है। यही कारण है कि महाविद्यालय के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर सफलता अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये विद्यार्थी भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर महाविद्यालय, क्षेत्र तथा प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0