विधायक पवन काजल ने विद्युत मोटर चालित दो हैंडपंपों का किया विधिवत शुभारंभ
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष और विधायक पवन काजल ने प्रदेश कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सुमन महाशा। कांगड़ा
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष और विधायक पवन काजल ने प्रदेश कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे का मामला उछालकर अपनी नाकामियों को छिपाने का असफल प्रयास कर रही है। काजल ने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस मामले में एसआईटी का गठन कर जांच शुरू कर दी है और दोषियों को शीघ्र सजा मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण में बाधा डालने वाली कांग्रेस पार्टी अब राम मंदिर के नाम पर राजनीतिक रोटियां सेंकने की कोशिश कर रही है। रविवार को कोहाला गांव में विधायक पवन काजल ने विद्युत मोटर चालित दो हैंडपंपों का विधिवत शुभारंभ किया। इन दोनों हैंडपंपों से गांव के 34 परिवारों को पर्याप्त मात्रा में पीने का पानी उपलब्ध हो सकेगा। सूर्या युवक क्लब कोहाला द्वारा आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक काजल ने गांव में हुए अन्य विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कोहाला गांव को धर्मशाला के मंदल गांव से जोड़ने के लिए 1 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से पुल का निर्माण करवाया गया है। इसके अतिरिक्त, मटोर से कोहाला तक सड़क के विस्तारीकरण पर लगभग 1 करोड़ 67 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। कोहाला में खेल मैदान के विकास पर 15 लाख रुपये खर्च किए गए हैं और घर-घर तक शुद्ध पीने का पानी पहुंचाने के लिए लगभग 25 विद्युत मोटर चालित हैंडपंप लगाए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिली है। हालांकि, विधायक काजल ने कोहाला गांव के लिए 1 करोड़ 25 लाख रुपये की पेयजल योजना में देरी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दो ट्यूबवेल के टेंडर भी हो चुके हैं, लेकिन प्रदेश सरकार की लेटलतीफी और स्थानीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिससे जनता सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने प्रदेश सरकार की चुनावी गारंटियों को लेकर भी निशाना साधा। काजल ने कहा कि सरकार महिलाओं को प्रति माह 1500 रुपये, एक लाख बेरोजगारों को सरकारी स्थायी रोजगार और 300 यूनिट मासिक मुफ्त बिजली देने में पूरी तरह विफल रही है। युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए विधायक ने बताया कि उच्च शिक्षा के लिए मटोर राजकीय डिग्री कॉलेज का नवनिर्मित भवन इस सत्र से शुरू करवा दिया गया है। उन्होंने सूर्या युवक मंडल वार्ड छह को हैंडबॉल, कबड्डी की मैट और स्पोर्ट्स किट स्वीकृत करने की भी जानकारी दी।
विनोद पूर्व उपप्रधान, अभिनव, प्रिंस,निखिल,अमन, अभिषेक, निशांत, विशाल मोंटी,विश्व, अनीश एवं सभी सदस्य उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0