नगरोटा कॉलेज ने राजपुर को 53 रन से हराया, इंटर कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता के अगले दौर में बनाई जगह

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की इंटर कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता के ग्रुप-सी का पहला मुकाबला डीएवी कॉलेज कांगड़ा के खेल मैदान में खेला गया।

Sep 24, 2026 - 20:50
 0  27
नगरोटा कॉलेज ने राजपुर को 53 रन से हराया, इंटर कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता के अगले दौर में बनाई जगह

सुमन महाशा । कांगड़ा

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की इंटर कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता के ग्रुप-सी का पहला मुकाबला डीएवी कॉलेज कांगड़ा के खेल मैदान में खेला गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में राजकीय महाविद्यालय नगरोटा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजकीय महाविद्यालय राजपुर को 53 रनों से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया। राजपुर के मोहित राणा की बेहतरीन गेंदबाजी भी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रही।

प्रतियोगिता के उद्घाटन सत्र में हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के संयुक्त सचिव विशाल शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। डीएवी कॉलेज कांगड़ा के प्राचार्य डॉ. बलजीत सिंह पटियाल ने मुख्य अतिथि तथा दोनों टीमों के खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए नगरोटा कॉलेज की टीम ने 13.3 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 101 रन बनाए। टीम की ओर से आयुष ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 20 गेंदों में 38 रन बनाए, जबकि तानिष ने 16 गेंदों में 20 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।

राजपुर कॉलेज की ओर से मोहित राणा ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 3.3 ओवर में मात्र 9 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। उनके अलावा कुछ और आयुष ने एक-एक विकेट चटकाया।

102 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजपुर कॉलेज की टीम नगरोटा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 10.5 ओवर में महज 48 रनों पर ऑलआउट हो गई। टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। अमित ने सर्वाधिक 6 रन, जबकि मोहित राणा ने 5 रन बनाए।

नगरोटा की ओर से रोहित और सोनू ने 3-3 विकेट हासिल किए। आयुष ने 2 विकेट, जबकि तानिष और शिवम ने एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।

प्रतियोगिता का अगला मुकाबला कल राजकीय महाविद्यालय पालमपुर और राजकीय महाविद्यालय ढलियारा के बीच खेला जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0