शिवरात्रि महोत्सव–2026 : विधायक किशोरी लाल ने की पूजा-अर्चना
बैजनाथ में शिवरात्रि महोत्सव 2026 को लेकर विधायक किशोरी लाल ने पूजा-अर्चना की। शतरंज व क्रिकेट प्रतियोगिताओं में विजेताओं को सम्मानित किया।
बैजनाथ । बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल ने राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव–2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की कामना करते हुए आज पवित्र बैजनाथ शिव मंदिर तथा आवाही नाग मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर देव आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं सतत प्रगति के लिए प्रार्थना की। विधायक ने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं का प्रतीक है। यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने सभी विभागों, आयोजन समिति तथा क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि वे महोत्सव को भव्य एवं सफल बनाने हेतु सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
इसी कड़ी में शिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य पर आयोजित प्रथम महाशिवरात्रि ओपन रैपिड चैस चैंपियनशिप 2026 का शुभारंभ महाराजा पैलेस, बैजनाथ में हुआ जिसमें विधायक किशोरी लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शतरंज जैसे बौद्धिक खेल युवाओं में रणनीतिक सोच, धैर्य एवं निर्णय क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने आयोजकों को इस अभिनव पहल के लिए बधाई दी तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की अपेक्षा व्यक्त की।
इसके उपरांत विधायक ने नागमोड़ ग्राउंड में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन समारोह में भाग लिया। प्रतियोगिता में स्नो टाइगर पालमपुर की टीम विजेता रही, जिसे 51 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई, जबकि भोरा 11 टीम उपविजेता रही और उसे 31 हजार की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। विधायक ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0