स्वच्छ भारत मिशन की खुली पोल : दाड़ी बस स्टॉप के पास सार्वजनिक भवन में आज तक नहीं बना शौचालय
दाड़ी बस स्टॉप के पास 1947 की सहकारी सभा में शौचालय नहीं, महिलाएं-बुजुर्ग परेशान। बदबू और गंदगी से राहगीर बेहाल।
ब्यूरो । कांगड़ा कस्बे के मेला ग्राउंड के नजदीक और दाड़ी बस स्टॉप के बिल्कुल पास स्थित दि दाड़ी सहकारी कृषि सेवा सभा लिमिटेड, जो वर्ष 1947 से पंजीकृत है, आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इतने पुराने और महत्वपूर्ण सार्वजनिक भवन में आज तक एक भी शौचालय का निर्माण नहीं कराया गया है।
शौचालय न होने के कारण मजबूरन लोग भवन की दीवारों और आसपास खुले में शौच करने को विवश हैं। इसका नतीजा यह है कि समिति भवन के चारों ओर गंदगी के ढेर, असहनीय बदबू और गंदा वातावरण बना रहता है। हालात इतने खराब हैं कि बस स्टॉप पर खड़े यात्रियों को बदबू से बचने के लिए मुंह ढककर बस का इंतजार करना पड़ता है।
इस भवन में राशन डिपो भी संचालित होता है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और आम नागरिक राशन लेने पहुंचते हैं। लंबे समय तक लाइन में लगने के दौरान शौचालय की सुविधा न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति बेहद अपमानजनक और अमानवीय है।
स्थानीय दुकानदारों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से कई बार पब्लिक टॉयलेट निर्माण की मांग की है। लोगों का कहना है कि सोसायटी भवन के साथ लगी खाली भूमि में आसानी से एक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जा सकता है, जिससे बस यात्रियों, राशन उपभोक्ताओं और स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0