पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर धर्मशाला में कांग्रेस का हल्ला बोल, राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
धर्मशाला में ब्लॉक कांग्रेस ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर ईंधन कीमतें वापस लेने की मांग की।
संजीव भारद्वाज। धर्मशाला
धर्मशाला में पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस ने केंद्र सरकार के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश महासचिव देवेंद्र जग्गी के नेतृत्व तथा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरभजन सिंह की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर ईंधन की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की।
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम जनता का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि ईंधन महंगा होने का असर केवल वाहनों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि खाद्य पदार्थों, सब्जियों, फलों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर भी पड़ता है, जिससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द राहत नहीं दी गई तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर आंदोलन को और व्यापक करेगी।
ज्ञापन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरभजन सिंह ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक असर मध्यम वर्ग, मजदूरों और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और आर्थिक संकट के बीच ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी लोगों की परेशानियों को और बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि परिवहन महंगा होने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं तथा किसानों की खेती-बाड़ी की लागत भी बढ़ गई है। छोटे व्यापारियों और दैनिक आय पर निर्भर लोगों को भी आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में पूर्व मेयर नीनू शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और नगर निगम चुनावों के कांग्रेस प्रत्याशी भी शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी भविष्य में भी जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और सरकार तक लोगों की आवाज पहुंचाने का कार्य जारी रखेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0