जीएवी पब्लिक स्कूल में हवन यज्ञ, परीक्षा से पहले छात्रों को मिला आशीर्वाद
जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा में 10वीं व 12वीं के छात्रों के लिए हवन यज्ञ आयोजित, बोर्ड परीक्षा में सफलता व उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
सुमन महाशा। कांगड़ा जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा में 10वीं और जमा दो के छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य और बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन की कामना को लेकर हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से छात्रों को सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान करने का संदेश दिया गया।
हवन यज्ञ के दौरान शहीदी दिवस के अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में स्कूल प्रबंधन, शिक्षक वर्ग और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अपने संबोधन में स्कूल मैनेजमेंट की अध्यक्ष डॉ. नीना पाहव ने दसवीं कक्षा के छात्रों को सोच-समझकर विषय और संकाय चुनने की सलाह दी। वहीं जमा दो के छात्रों से उन्होंने अपील की कि वे नकारात्मक सोच और दुर्भावना का त्याग करें तथा परीक्षा के दौरान मोबाइल और टीवी से दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य तय कर मेहनत करने से ही जीवन में सफलता की ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।
मैनेजमेंट सदस्य अजय वालिया ने छात्रों को सही मार्गदर्शन देते हुए कहा कि बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण और अच्छी प्लेसमेंट वाले प्रोफेशनल कॉलेज से ही पढ़ाई करनी चाहिए। स्वर्ण शर्मा ने योजनाबद्ध तरीके से पढ़ाई करने की सलाह देते हुए छात्रों को उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया। सचिन चड्ढा ने कहा कि जिस भी क्षेत्र को चुनें, उसमें पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ मेहनत करें।
प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश शर्मा ने छात्रों को बोर्ड परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि शनिवार को जमा दो के छात्रों के लिए फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0