हिमाचल HC को फिर बम से उड़ाने की धमकी, जांच तेज
हिमाचल हाई कोर्ट को फिर बम धमकी ईमेल मिला। शिमला पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया, कुछ नहीं मिला। साइबर जांच जारी, आरोपी की तलाश तेज।
शिमला । हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल फिर से प्राप्त हुआ है। यह ईमेल हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आइडी पर प्राप्त हुआ है। इस ईमेल में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के परिसर में बम एवं आरडीएक्स रखने का जिक्र किया गया।
इसके बाद शिमला पुलिस की ओर से निर्धारित एसओपी के अनुसार सर्च अभियान चलाया गया। डॉग स्क्वायड के साथ साथ आधुनिक उपकरणों के साथ पूरे परिसर की तलाशी ली गई, लेकिन तलाशी के दौरान कुछ भी ऐसा प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं, इस बारे में पुलिस ने सदर थाना में मामला दर्ज कर लिया है और अब आगामी कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार मामला एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए ईमेल के आधार पर दर्ज किया गया है। यह ईमेल हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा गया था।
इस ईमेल में अफवाह और झूठी जानकारी फैलाते हुए दावा किया गया कि उच्च न्यायालय परिसर के भीतर और आसपास बम एवं आरडीएक्स आईईडी लगाए गए हैं, जिन्हें विस्फोट करने की योजना है। इसके अलावा ईमल में तमिलनाडु की डीएमके सरकार का भी नाम था। साथ ही कुछ राजनीतिक व्यक्तियों पर भी कई आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि ईमेल का उद्देश्य लोगों में भय और दहशत फैलाना प्रतीत होता है।
पुलिस ने साइबर तकनीकी विश्लेषण शुरू कर दिया है और ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और परिसर की जांच की जा चुकी है। एसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस इसकी जांच कर रही है। जल्द ही ऐसी अफवाह फैलाने वालों को गिरफ्तार भी किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0