नेपाल के रास्ते अवैध एंट्री, उज्बेकिस्तान की युवती ने सुरक्षा एजैंसियों की चिंता बढ़ाई

नेपाल के रास्ते भारत में अवैध एंट्री कर नाहन पहुंची उज्बेकिस्तान की युवती। बिना वीजा और फर्जी आधार से जुड़ा मामला, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट।

Feb 5, 2026 - 15:33
 0  72
नेपाल के रास्ते अवैध एंट्री, उज्बेकिस्तान की युवती ने सुरक्षा एजैंसियों की चिंता बढ़ाई

सिरमौर । नाहन में पकड़ी गई उज्बेकिस्तान की युवती के मामले ने सुरक्षा एजैंसियों की चिंता बढ़ा दी है। यह प्रकरण अब केवल फर्जी दस्तावेजों तक सीमित न रहकर गंभीर और संवेदनशील बन गया है। शुरूआती जांच में जहां दिल्ली से फर्जी आधार कार्ड बनवाने का खुलासा हुआ था, वहीं अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि युवती के पास भारत में प्रवेश के लिए कोई वैध वीजा नहीं था। हालांकि अब तक की जांच में युवती द्वारा किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या सुरक्षा के लिए प्रत्यक्ष खतरे से जुड़ा कोई इनपुट सामने नहीं आया है, लेकिन पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से तफ्तीश कर रही है। जांच के दौरान युवती का पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार उज्बेकिस्तान की यह युवती नेपाल का वीजा लेकर पहले नेपाल पहुंची और वहां से गैरकानूनी तरीके से भारत में दाखिल हो गई। बिना वैध दस्तावेजों के भारत में प्रवेश और फिर पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड बनवाना किसी संगठित नैटवर्क की ओर इशारा कर रहा है।

 मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने युवती को 18 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं। नाहन पुलिस इस पूरे प्रकरण की हर कड़ी को खंगाल रही है। हालांकि फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन जरूरत पड़ने पर पुलिस द्वारा उज्बेकिस्तान के दूतावास से संपर्क किए जाने की संभाबना है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0