सिरमौर में एक और पंचायत निर्विरोध चुनी गई
सिरमौर के पच्छाद में दाड़ो देवरिया पंचायत सर्वसम्मति से निर्विरोध चुनी गई। सुमन कुमारी प्रधान और सुरजीत सिंह उपप्रधान बने।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। सराहां (सिरमौर)
जिला सिरमौर में पंचायत चुनावों के दौरान भाईचारे और आपसी एकता की मिसाल लगातार देखने को मिल रही है। जिले में सर्वसम्मति से पंचायतों के चयन का सिलसिला जारी है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र की टटियाना पंचायत के बाद अब पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़ो देवरिया को भी ग्रामीणों ने आपसी सहमति से निर्विरोध चुन लिया है।
ग्राम पंचायत दाड़ो देवरिया में इस संबंध में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें गांव के लोगों ने राजनीतिक मतभेदों को किनारे रखकर एकजुटता का परिचय दिया। बैठक की अध्यक्षता पूर्व प्रधान गीता देवी, पूर्व उपप्रधान नरेंद्र सिंह और पूर्व उपप्रधान संदीप चौहान ने की। इसमें पंचायत के सभी वार्डों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सभी ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से पंचायत कार्यकारिणी का गठन किया। बैठक में सुमन कुमारी को ग्राम पंचायत का प्रधान और सुरजीत सिंह को उपप्रधान चुना गया। इसके अलावा वार्ड सदस्यों का चयन भी निर्विरोध हुआ, जिसमें रीता देवी (चेवला बकानग), रविंदर (दाड़ो-1), रोहित (दाड़ो-2), राधा देवी (थाना कावड़ी) और सुनीता देवी (सोहला) को प्रतिनिधि बनाया गया।
पंचायत के सुभाष ठाकुर ने बताया कि पूरे गांव ने बिना किसी विवाद के वार्ड सदस्य से लेकर प्रधान तक का चयन सर्वसम्मति से किया है, जो आपसी विश्वास और भाईचारे की मजबूत भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जल्द ही खंड विकास अधिकारी पच्छाद को औपचारिक सूचना भेज दी जाएगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह के निर्विरोध चुनाव न केवल समय और संसाधनों की बचत करते हैं, बल्कि गांव में शांति, सौहार्द और विकास की नई राह भी प्रशस्त करते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0