कालीनाथ बैसाखी मेला संपन्न, कलाकारों ने लूटी महफिल

कांगड़ा के कालीनाथ कालेश्वर मंदिर में तीन दिवसीय बैसाखी मेला संपन्न हुआ। विधायक विवेक शर्मा ने समापन समारोह में शिरकत कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की।

Apr 16, 2026 - 10:23
 0  18
कालीनाथ बैसाखी मेला संपन्न, कलाकारों ने लूटी महफिल
समापन समारोह में विधायक विवेक शर्मा ने की बतौर मुख्यातिथि शिरकत

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। देहरा 
श्री कालीनाथ कालेश्वर में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय बैसाखी मेले का विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक विवेक शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुरेंद्र सिंह मनकोटिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान मेला समिति द्वारा मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

मंदिर में शीश नवाकर जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि श्री कालीनाथ कालेश्वर मंदिर न केवल जिला कांगड़ा, बल्कि पड़ोसी राज्यों के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि यह मेला हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और भाईचारे का प्रतीक है, जिसमें सभी वर्गों की सहभागिता देखने को मिलती है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ की कृपा इस क्षेत्र पर बनी रहने की कामना भी की।

विधायक ने क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार मंदिर परिसर के कायाकल्प के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि एडीपी परियोजना के तहत मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने मेले के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रशासन, मेला समिति, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की।

मेले के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। प्रसिद्ध कलाकार ममता भारद्वाज, ‘रुंजुनुआ’ फेम मोहित गर्ग और सौरभ शर्मा ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

इस अवसर पर अन्य गणमान्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुरेंद्र सिंह मनकोटिया, मंदिर न्यास के संयुक्त आयुक्त एवं एसडीएम देहरा कुलवंत सिंह पोटन, कुटलैहड़ कांग्रेस नेता विवेक मीका, तहसीलदार देहरा कर्म चंद कालिया, तहसीलदार हरिपुर सुरेश कुमार, तहसीलदार रक्कड़ अनुजा शर्मा, नायब तहसीलदार बलविंदर सिंह पठानिया व जितेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी अशोक कुमार, अधिशासी अभियंता बिजली बोर्ड करणवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0