अग्निकांड के बाद खुंदेल पहुंचे अधिकारी, मंदिर को मिले 30 लाख
भरमौर की बेल्ज वैली में गिरड़ माता मंदिर अग्निकांड के बाद प्रशासन सक्रिय। पुनर्निर्माण के लिए 30 लाख रुपये जल्द मंजूर होंगे।
चंबा । जनजातीय उपमंडल भरमौर की बेल्ज वैली की ग्राम पंचायत खुंदेल स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ गिरड़ माता मंदिर में हुई दुर्भाग्यपूर्ण अग्निकांड की घटना के बाद प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कड़े निर्देशों के बाद उपायुक्त चंबा मुकेश रेप्सवाल ने तत्परता दिखाते हुए राहत और पुनर्निर्माण कार्यों की कमान संभाल ली है।
मुख्यमंत्री के आदेशानुसार जिला प्रशासन की एक संयुक्त टीम ने प्रभावित स्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस टीम में जिला भाषा अधिकारी चंबा तुकेश शर्मा, स्थानीय पटवारी और पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान दौरान घटना से संबंधित सभी आवश्यक साक्ष्य और जानकारी जुटाई गई। प्रशासन इस मामले की एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रहा है ताकि आगामी कार्रवाई को और गति दी जा सके। आस्था के इस प्रमुख केंद्र को फिर से भव्य रूप देने के लिए भी कार्य योजना तैयार की जा रही है।
मंदिर के पुनर्निर्माण को 30 लाख जल्द होंगे मंजूर
उधर, कृषि उपज विपणन समिति चंबा के चेयरमैन ललित ठाकुर ने बताया कि मंदिर पुनर्निर्माण के लिए 25 लाख की राशि जल्द स्वीकृत की जाएगी। मंदिर परिसर को और बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त 5 लाख की राशि प्रदान की जाएगी। कुल 30 लाख रूपए की इस राशि को शीघ्र स्वीकृत करवाया जा रहा है, ताकि भक्तों की अटूट श्रद्धा के केंद्र गिरड़ माता मंदिर का कार्य बिना किसी विलंब के शुरू हो सके। उन्होंने स्थानीय जनता को आश्वस्त किया है कि इस कठिन समय में सरकार और प्रशासन उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि मंदिर का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व सर्वोपरि है और इसका प्राचीन स्वरूप बहाल करना सरकार एवं प्रशासन की प्राथमिकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0