चंबा-तीसा मार्ग हादसा: पत्थर गिरा, युवक की मौत

चंबा-तीसा मार्ग पर रखालु माता मंदिर के पास पत्थर गिरने से बाइक खाई में गिरी। एक युवक की मौत, दूसरा घायल। प्रशासन ने 25 हजार राहत दी।

Apr 29, 2026 - 10:40
 0  54
चंबा-तीसा मार्ग हादसा: पत्थर गिरा, युवक की मौत

रोजाना हिमाचल ब्यूरो । तीसा 
चंबा-तीसा मार्ग पर रखालु माता मंदिर के समीप मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा पेश आया। पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने के कारण एक बाइक अनियंत्रित होकर करीब 500 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, बलवंत कुमार उर्फ बालो पुत्र तेज सिंह, निवासी गांव दायुई चरोड़ी, अपने रिश्तेदार भिंद्र कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर नकरोड़ बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे रखालु माता मंदिर के पास पहुंचे, पहाड़ी से गिरा एक बड़ा पत्थर पीछे बैठे बलवंत कुमार को जा लगा। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया।

हादसे में बाइक चला रहा भिंद्र कुमार सड़क पर गिरकर घायल हो गया, जबकि बलवंत कुमार बाइक सहित गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला गया। मौके पर मृतक के परिजनों ने शव की पहचान की। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

​हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मृतक के आश्रितों को 25,000 रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की है। एसपी विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0