किन्नौर में हिमपात, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी
किन्नौर जिले में ताजा बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित। रिकांगपिओ, कल्पा व ऊंचाई वाले इलाकों में 10 इंच तक हिमपात, ऑरेंज अलर्ट जारी।
रिकांगपिओ । जनजातीय क्षेत्र जिला किन्नौर में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद जनजीवन अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया था कि जिले में फिर से ताजा हिमपात हुआ। हिमपात के कारण रिकांगपिओ से रामपुर-शिमला की ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ होने पर यातायात पुन: सुचारू हो गया, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
किन्नौर में इस ताजा हिमपात के बाद मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जनजीवन पर खास असर नहीं पड़ा, लेकिन ऊपरी क्षेत्रों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लगभग दो दर्जन संपर्क सडक़ मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग द्वारा मौसम सामान्य होते ही अवरुद्ध सडक़ मार्गों की बहाली का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
कहां-कितना हुआ हिमपात
जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में लगभग पांच इंच ताजा हिमपात दर्ज किया है, जबकि पर्यटन स्थल कल्पा में आठ इंच तथा छितकुल, रक्षम, सांगला, नेसंग, रोपा, आसरंग और लिप्पा सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आठ से 10 इंच तक हिमपात हुआ है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण किन्नौर ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन के खतरे को देखते हुए आगामी 24 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है कि वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0