कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण कर योजनाओं का लाभ उठाएं श्रमिक : केवल सिंह पठानिया

शाहपुर के वंडी चौक में कामगार कल्याण बोर्ड का शिविर आयोजित। 51 श्रमिकों का पंजीकरण, 14 योजनाओं की जानकारी, बच्चों की पढ़ाई तक पूरा खर्च।

Feb 4, 2026 - 18:28
 0  54
कामगार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण कर योजनाओं का लाभ उठाएं श्रमिक : केवल सिंह पठानिया

विशाल वर्मा। शाहपुर
शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मैटी पंचायत के वंडी चौक में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के तत्वावधान में श्रमिक पंजीकरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को बोर्ड द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना एवं उनका पंजीकरण सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।

मुख्य अतिथि केवल सिंह पठानिया ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से वर्तमान में 14 विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पंजीकरण करवाकर प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि वर्ष में न्यूनतम 90 दिन कार्य करने वाला कोई भी श्रमिक पंजीकरण के लिए पात्र है।

उपमुख्य सचेतक ने कहा कि मुख्यमंत्री की करुणामयी सोच के चलते श्रमिकों के हित में योजनाओं में निरंतर सुधार किया जा रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक समन्वयक नियुक्त किया जाए, ताकि योजनाओं का प्रचार-प्रसार ग्रामीण स्तर तक प्रभावी ढंग से हो सके। साथ ही उन्होंने भविष्य में धारकंडी एवं चंगर क्षेत्र में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की बात कही।

कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव कंवर ने बताया कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में इस प्रकार के शिविर लगाए जा रहे हैं और जिला कांगड़ा में यह आठवां शिविर है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में अब तक लगभग 81 करोड़ रुपये की सहायता श्रमिकों को प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार श्रमिकों के बच्चों की उच्च शिक्षा की संपूर्ण फीस अब बोर्ड द्वारा वहन की जाएगी।

जिला श्रम कल्याण अधिकारी लोकेश शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में नटराज नाट्य दल द्वारा गीत-संगीत एवं लघु नाटिका के माध्यम से योजनाओं का प्रभावी प्रचार किया गया। शिविर में 51 श्रमिकों का पंजीकरण कर उन्हें कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0