चरस तस्करी में बड़ा खुलासा, दूसरा आरोपी गिरफ्तार

लंबागांव में चरस तस्करी मामले में बड़ा खुलासा, पुलिस ने दूसरे आरोपी को दबोचा। मंडी-कांगड़ा कनेक्शन से बड़े नेटवर्क का शक।

May 4, 2026 - 11:30
 0  54
चरस तस्करी में बड़ा खुलासा, दूसरा आरोपी गिरफ्तार

रोजाना हिमाचल ब्यूरो । लंबागांव 
कांगड़ा जिले के लंबागांव क्षेत्र में चरस तस्करी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबागांव पुलिस ने पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ के आधार पर एक और व्यक्ति को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई से तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, बैजनाथ के नगेहड़ क्षेत्र के निवासी सुरिंदर कुमार को पहले ही पुलिस ने लगभग 1 किलो 117 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस रिमांड के दौरान कड़ी पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने यह चरस मंडी जिले की बालीचौकी तहसील के गांव भाओगी निवासी 53 वर्षीय दिलीप सिंह से खरीदी थी।

इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने मंडी जिले में दबिश देकर दिलीप सिंह को हिरासत में लिया और उसे लंबागांव लाया गया। दोनों आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है, जिससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस मामले से एक बड़े तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है। गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी दिलीप सिंह को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

मामले की पुष्टि संदीप शर्मा द्वारा की गई है। पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0