मंडी में तेंदुए का तांडव: गऊशाला में घुसकर 25 भेड़-बकरियां मारी

मंडी के बालीचौकी क्षेत्र में तेंदुए ने गऊशाला का दरवाजा तोड़ 25 भेड़-बकरियों को मार डाला। घटना से इलाके में दहशत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़।

Feb 6, 2026 - 14:01
 0  36
मंडी में तेंदुए का तांडव: गऊशाला में घुसकर 25 भेड़-बकरियां मारी

मंडी । जिला मंडी के अंतर्गत उपमंडल बालीचौकी की ग्राम पंचायत भनवास में तेंदुए के हमले से दहशत फैल गई है। नलौट गांव में बुधवार रात एक खूंखार तेंदुआ गऊशाला का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस आया और एक साथ 25 भेड़-बकरियों को मौत के घाट उतार दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है, वहीं प्रभावित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित कौर सिंह पुत्र जय सिंह की गऊशाला गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित है। देर रात तेंदुए ने गऊशाला का दरवाजा तोड़ दिया और भीतर घुसकर भेड़-बकरियों पर हमला कर दिया। कुछ भेड़ों को तेंदुए ने गऊशाला के अंदर ही मार डाला, जबकि कई को खदेड़ते हुए जंगल तक ले गया और वहां अपना शिकार बनाया। गऊशाला गांव से दूर होने के कारण रात के समय किसी को घटना की भनक नहीं लग पाई।

गुरुवार सुबह जब कौर सिंह गऊशाला पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर वह सहम गए। चारों ओर लहूलुहान हालत में भेड़ें पड़ी थीं। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर जंगल में लापता भेड़ों की तलाश की गई, जहां घंटों की खोजबीन के बाद कई और भेड़ें मृत अवस्था में मिलीं।

पीड़ित कौर सिंह ने रोते हुए बताया कि भेड़-बकरी पालन ही उनके परिवार की रोजी-रोटी का एकमात्र साधन था। इस घटना से उनकी वर्षों की मेहनत एक ही रात में खत्म हो गई। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में तेंदुए की गतिविधियों पर रोक लगाने, पिंजरा लगाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0