नादौन के कलूर गांव में दिव्यांगों व वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष आकलन शिविर कल
नादौन में 19 मार्च को दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण का आकलन शिविर आयोजित किया जाएगा।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो, नादौन
दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को कृत्रिम अंग तथा अन्य आधुनिक सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम मोहाली द्वारा जिला प्रशासन हमीरपुर और जिला रैडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से एक विशेष पहल की गई है। निशुल्क कृत्रिम अंग और अन्य आधुनिक सहायक उपकरण प्रदान करने हेतु दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के आकलन के लिए नादौन के कलूर गांव में 19 मार्च को आकलन शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, बैसाखी, वॉकिंग स्टिक, स्मार्ट केन, स्मार्ट मोबाइल, वॉकर एवं कानों की मशीन इत्यादि उपकरण निशुल्क प्रदान करने के लिए परीक्षण किया जाएगा।
इस शिविर में आंखों के चश्मों और दांत लगवाने के लिए परीक्षण नहीं किए जाएंगे। 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता से ग्रस्त दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक इन शिविरों में भाग लेकर योजना का लाभ उठा सकते हैं। दिव्यांगजनों को अपने साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और यूडीआईडी कार्ड की छायाप्रति, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र, नवीनत्तम बीपीएल प्रमाण पत्र या सालाना 2.70 लाख रुपये या इससे कम आय का प्रमाण पत्र लाना होगा। जिन दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड नहीं बने हैं, वे स्वयं या लोक मित्र केंद्र के माध्यम से स्वावलंबन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर यूडीआईडी कार्ड बनवा सकते हैं। इस योजना का लाभ उठाने के इच्छुक 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक अपने साथ पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड की छाया प्रति, नवीनत्तम बीपीएल प्रमाण पत्र या सक्षम अधिकारी द्वारा जारी सालाना 1.80 लाख रुपये अथवा इससे कम आय का प्रमाण पत्र लाएं। पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से इन शिविरों लाभ उठाने की अपील की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0