स्वच्छ सर्वेक्षण में टॉप रैंक का लक्ष्य, नादौन में बड़ी पहल
नादौन में स्वच्छ शहर–समृद्ध शहर अभियान के तहत कार्यशाला, टीईएचएस के सहयोग से ठोस कचरा प्रबंधन व जनजागरूकता पर जोर।
नादौन । नादौन नगर परिषद क्षेत्र को स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित शहर के रूप में विकसित करने तथा आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट रैंकिंग दिलाने के उद्देश्य से टीईएचएस के सहयोग से स्वच्छ शहर–समृद्ध शहर अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता नगर परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष रमन कुमार एवं शम्मी सोनी ने की। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नादौन को स्वच्छता की मिसाल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। टीईएचएस के प्रतिनिधि संजीव राणा ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यदि स्वच्छता की शुरुआत घर, दुकान और स्कूल स्तर से की जाए, तो नादौन निश्चित रूप से स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान प्राप्त कर सकता है। उन्होंने स्कूलों में प्लास्टिक बैंक, पिट कम्पोस्टिंग, सेनेटरी वेस्ट इनसिनरेटर और स्रोत पर कचरे के पृथक्करण को जरूरी बताया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रत्येक परिवार को प्रतिमाह पांच सेनेटरी बैग उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके साथ ही ठोस कचरा प्रबंधन स्थल पर आधुनिक मशीनें स्थापित कर वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निपटान किया जाएगा। नगर क्षेत्र में टू-बिन सिस्टम को अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा तथा आईईसी अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
सफाई कर्मचारियों को शहर की रीढ़ बताते हुए उन्हें पीपीई किट, नियमित स्वास्थ्य जांच और प्रशिक्षण देने पर भी सहमति बनी। टैक्सी यूनियन, स्ट्रीट वेंडर्स, व्यापार मंडल और प्रेस क्लब ने अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0