चालू हुआ मार्ग एक बार फिर हुआ बंद ,जल्द बहाल होने की उम्मीद
खड़ामुख-होली मार्ग फिर भूस्खलन के कारण बंद, शाम तक खुलने की संभावना, रात को वाहनों की आवाजाही बंद।

ब्यूरो। रोज़ाना हिमाचल
16 अप्रैल के बाद बुधवार को खुला खड़ामुख-होली मार्ग एक बार फिर से भारी भूस्खलन के बाद बंद हो गया। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी मार्ग को खोलने में फिर से जुट गई है। देर शाम तक मार्ग के फिर से बहाल होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि बुधवार को डीसी चम्बा मुकेश रेप्सवाल ने भूस्खलन क्षेत्र का दौरा करने के बाद और उसके खतरे को भांपते हुए शाम सात बजे से लेकर सुबह आठ बजे तक वाहनों की आवाजाही बंद करने के आदेश दिए थे, क्योंकि इस स्थान पर बचा हुआ मलबा धीरे-धीरे खिसक रहा है जो दुर्घटना का सन्देश दे रहा है। बुधवार शाम को बारिश होने के बाद ये मलबा नीचे गिरा। अच्छी बात यह रही कि जब मलबा ऊपर से गिरा तो उस समय सड़क पर कोई भी वाहन नहीं चला रहा था। विभाग के सहायक अभियंता बीसी ठाकुर अपनी टीम सहित मार्ग खोलने में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि आज शाम तक मार्ग को फिर से बहाल कर दिया जाएगा।
16 अप्रैल को बंद हुए इस मार्ग को खुलने का लंबा इंतजार होली क्षेत्र की 14 पंचायतों के लोगों को करना पड़ा था। विभाग एवं जेएसडब्ल्यू कम्पनी के संयुक्त प्रयास के बाद बुधवार को मार्ग को 2 महीने और तीन दिनों के बाद बहाल किया गया था, अब फिर से उक्त मार्ग पर भूस्खलन हुआ है।
What's Your Reaction?






