पांवटा साहिब में जंगली हाथियों की दस्तक, वन विभाग अलर्ट
पांवटा साहिब के माजरा क्षेत्र में जंगली हाथियों की मौजूदगी से हड़कंप। वन विभाग ने अलर्ट जारी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी।
नाहन । पांवटा साहिब क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथियों की आवाजाही सामने आई है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने स्थिति को गंभीर मानते हुए पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है। वन मंडल पांवटा साहिब की माजरा रेंज की सतीवाला बीट के अंतर्गत रिजर्व फॉरेस्ट मस्तअली (सी-1 और सी-2) क्षेत्र में जंगली हाथियों की गतिविधियों के स्पष्ट साक्ष्य मिले हैं। हाथियों ने यहां कई छोटे पेड़ों को नुकसान पहुंचाया है, जिससे उनकी मौजूदगी की पुष्टि हुई।
3 से 4 हाथियों का झुंड होने का अनुमान
सूचना मिलते ही डीएफओ वेद प्रकाश शर्मा, एसीएफ आदित्य शर्मा और आरओ सचिन शर्मा सहित वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। जमीन पर मिले पदचिन्हों के आधार पर विभाग का अनुमान है कि यह 3 से 4 जंगली हाथियों का झुंड हो सकता है।
सिंबलवाड़ा नेशनल पार्क की ओर बढ़ने की संभावना
वन विभाग के अनुसार, हाथी रात के समय मस्तअली क्षेत्र में रुकने के बाद अब कोठेवाली की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं। कोठेवाली से आगे सिंबलवाड़ा नेशनल पार्क का क्षेत्र शुरू होता है, ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि हाथियों का झुंड पार्क के गहरे जंगलों की ओर रुख कर सकता है। डीएफओ वेद प्रकाश शर्मा ने आसपास के ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
निगरानी बढ़ी, वन विभाग अलर्ट मोड पर
जंगली हाथियों की दस्तक के बाद पूरे क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है। विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0