सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.43 ग्राम स्मैक और 3.14 किलो भुक्की के साथ 2 दबोचे
पांवटा साहिब में सिरमौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। 3.43 ग्राम स्मैक और 3.14 किलो भुक्की के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट में केस दर्ज।
पांवटा साहिब । सिरमौर पुलिस ने पांवटा साहिब क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में स्मैक और भुक्की की खेप बरामद की है। पहले मामले में एक युवक से 3.43 ग्राम स्मैक (हेरोइन) पकड़ी, जबकि दूसरे मामले में ट्रक चालक से 3 किलो 14 ग्राम भुक्की बरामद की गई। दोनों मामलों में ND&PS एक्ट के तहत केस दर्ज कर पुलिस ने आगामी जांच शुरू कर दी है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पहले मामले में पुलिस थाना पांवटा साहिब की टीम बस स्टैंड के पास गश्त और गुप्त सूचनाएं एकत्र कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि नितेश चौहान निवासी बनौर जल शक्ति विभाग के कार्यालय के सामने गली में खड़ा है और उसके पास अवैध नशा बरामद हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उक्त व्यक्ति की तलाशी ली और उसके कब्जे से 3.43 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की।
दूसरे मामले में जिला पुलिस की एसआईयू टीम पांवटा साहिब क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान गुप्त सूचना मिली कि बिंदर कुमार निवासी गांव निहालगढ़ अपने ट्रक नंबर में बाहरी राज्य से भुक्की लाकर पांवटा और आसपास के क्षेत्रों में बेचने का कार्य करता है और वह हरियाणा के जगाधरी की ओर से भारी मात्रा में भुक्की लेकर पांवटा की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक की जांच की और आरोपी के कब्जे से कुल 3 किलो 14 ग्राम भुक्की (पॉपी हस्क) बरामद की।
उन्होंने बताया कि इन दोनों मामलों में पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ये पता लगाएगी कि ये मादक पदार्थ कहां से लाए गए थे और किन-किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जानी थी। पुलिस पूरे गिरोह तक पहुंचने के लिए मामले की गहनता से जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0