पालमपुर में 27वें हिम-आईसीएफ कॉन्क्लेव-2026 का आगाज
जीजीडीएसडी महाविद्यालय राजपुर में 27वें हिम-आईसीएफ कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में इंडस्ट्री 6.0 के दौर में उच्च शिक्षा के भविष्य पर चर्चा हुई।
Videos
View Allमनोज धीमान। पालमपुर
गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म महाविद्यालय, राजपुर में 27वें राष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन ‘हिमाचल इंडियन कॉलेजेस फोरम कॉन्क्लेव-2026’ का शुभारंभ हुआ। इंडियन कॉलेजेस फोरम (आईसीएफ) और सोसाइटी फॉर एजुकेशन एंड इकोनॉमिक डेवलपमेंट (सीड) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन का मुख्य विषय ‘इंडस्ट्री 6.0 के युग में उच्च शिक्षा’ रखा गया है। इसमें देशभर से आए शिक्षाविदों और विशेषज्ञों ने उच्च शिक्षा के बदलते स्वरूप, तकनीक तथा भविष्य की चुनौतियों पर विचार साझा किए।
कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने किया उद्घाटन सत्र को संबोधित
उद्घाटन सत्र में सरदार पटेल विश्वविद्यालय, मंडी के कुलपति प्रो. ललित कुमार अवस्थी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, सनातन धर्म प्रतिनिधि सभा, पंजाब, नई दिल्ली के अध्यक्ष एवं जीजीडीएसडी महाविद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. देश बंधु ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
महाविद्यालय के निदेशक एवं प्रधानाचार्य तथा इंडियन कॉलेजेस फोरम, हिमाचल प्रदेश के सचिव डॉ. विवेक कुमार शर्मा ने अतिथियों और देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे शिक्षाविदों का स्वागत किया।
तकनीक के साथ मानवीय मूल्यों का समन्वय जरूरी
मुख्य अतिथि प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने शिक्षा 6.0 की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और उन्नत तकनीकों को शामिल करना जरूरी है, लेकिन तकनीक कभी भी मानवीय बुद्धिमत्ता और मूल्यों का विकल्प नहीं बन सकती।
उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कौशल विकास, शोध, नवाचार और अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाने की दिशा में उच्च शिक्षण संस्थानों को काम करना होगा।
प्रो. अवस्थी ने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को हासिल करने में उच्च शिक्षा संस्थानों और शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने तकनीकी विकास के साथ मानवीय संवेदनाओं और मूल्यों को बनाए रखने की आवश्यकता भी रेखांकित की।
परंपरागत ज्ञान और आधुनिक तकनीक के तालमेल पर जोर
विशिष्ट अतिथि डॉ. देश बंधु ने परंपरागत ज्ञान को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ने और रोजगारपरक शिक्षा को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।
वहीं, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के पूर्व सचिव, सोसाइटी फॉर एजुकेशन एंड इकोनॉमिक डेवलपमेंट के प्रमुख एवं इंडियन कॉलेजेस फोरम के अध्यक्ष प्रो. जी.डी. शर्मा ने तकनीकी बदलाव के दौर में मानवीय बुद्धिमत्ता और अनुभव के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अनुभवी व्यक्तियों के ज्ञान और मार्गदर्शन से नई तकनीकों को बेहतर तरीके से समझने और विकसित करने में मदद मिल सकती है।
तीन तकनीकी सत्रों में उच्च शिक्षा की चुनौतियों पर चर्चा
सम्मेलन के पहले दिन तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इनमें उच्च शिक्षा में मानव-केंद्रित डिजिटल बदलाव, मानव-मशीन युग के लिए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्नातक तैयार करने और महाविद्यालयों को क्रियात्मक शोध केंद्र के रूप में विकसित करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
विशेषज्ञों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, कौशल विकास, क्वांटम कंप्यूटिंग, मानवीय मूल्यों और परिणाम आधारित शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार रखे।
शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम के अंत में कावा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन एवं इंडियन कॉलेजेस फोरम के महासचिव इंजीनियर एम.एस. कटोच ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उद्घाटन सत्र का मंच संचालन सहायक प्राध्यापक अनुराग शर्मा ने किया, जबकि हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापिका डॉ. शिल्पी नड्डा ने मुख्य अतिथि का परिचय दिया।
सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए शिक्षाविदों, प्राध्यापकों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और महाविद्यालय के संकाय सदस्यों ने भाग लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0