8वें वेतन आयोग के नाम पर स्कैम, WhatsApp पर इस मैसेज से रहें दूर, वरना खाली होगा अकाउंट

8वें वेतन आयोग के नाम WhatsApp पर Salary Calculator APK स्कैम से सावधान रहें। साइबर दोस्त ने चेताया—गलत लिंक से आपका बैंक अकाउंट खाली हो सकता है।

Feb 16, 2026 - 16:18
 0  63
8वें वेतन आयोग के नाम  पर स्कैम,  WhatsApp पर इस मैसेज से रहें दूर, वरना खाली होगा अकाउंट

8वें वेतन आयोग को लेकर देशभर के सरकारी कर्मचारियों में काफी उत्सुकता है. हर कोई यह जानना चाहता है कि नया वेतन आयोग लागू होने के बाद सैलरी कितनी बढ़ेगी. लेकिन इसी उत्सुकता का फायदा उठाकर साइबर ठग एक नया जाल बिछा रहे हैं. गृह मंत्रालय की साइबर सुरक्षा पहल ‘साइबर दोस्त’ ने इस नए फ्रॉड को लेकर चेतावनी जारी की है. ऐसे में जरूरी है कि कर्मचारी सतर्क रहें और किसी भी अनजान लिंक या फाइल से दूर रहें।

Salary Calculator के नाम पर नया साइबर फ्रॉड
हाल के दिनों में ‘Salary Calculate’ या ‘Salary Calculator’ के नाम से एक नया साइबर स्कैम सामने आया है. इसमें ठग सरकारी कर्मचारियों को निशाना बनाकर उनकी सैलरी बढ़ोतरी का लालच देते हैं. 8वें वेतन आयोग की चर्चा के बीच लोग आसानी से इस जाल में फंस रहे हैं।


WhatsApp पर भेजे जा रहे फर्जी मैसेज
साइबर अपराधी WhatsApp पर मैसेज भेजकर दावा करते हैं कि एक खास फाइल डाउनलोड करके कर्मचारी अपनी नई सैलरी का अनुमान लगा सकते हैं. इस मैसेज के साथ एक .APK फाइल भेजी जाती है, जिसका नाम भरोसेमंद दिखाने के लिए ‘Salary Calculator’ जैसा रखा जाता है।

APK फाइल इंस्टॉल करते ही फोन हो जाता है हैक

जैसे ही कोई व्यक्ति इस .APK फाइल को डाउनलोड करके अपने फोन में इंस्टॉल करता है, मोबाइल का कंट्रोल ठगों के पास पहुंच जाता है. यह फर्जी ऐप फोन से निजी जानकारी, बैंक डिटेल्स और OTP तक हासिल कर सकता है। इसके बाद बैंक खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं।

सरकार कभी WhatsApp पर ऐप नहीं भेजती

साइबर एजेंसियों ने साफ किया है कि सरकार कभी भी WhatsApp या किसी अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए .APK फाइल नहीं भेजती. किसी भी अनजान या अनवेरिफाइड सोर्स से ऐप डाउनलोड करना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि इनमें मालवेयर छिपा होता है।

सही जानकारी सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट से लें

वेतन, पेंशन या वेतन आयोग से जुड़ी जानकारी के लिए केवल सरकारी वेबसाइट पर ही भरोसा करें. 8वें वेतन आयोग से जुड़े अपडेट आधिकारिक पोर्टल जैसे https://8cpc.gov.in/ पर ही देखें। किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल पर क्लिक करने से पहले उसकी जांच जरूर करें।

 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0