सिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में रक्तदान शिविर का किया आयोजन, डॉक्टरों व कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
सिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल मटौर में डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
सुमन महाशा। कांगड़ा
सिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल मटौर में डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। अस्पताल प्रबंधन की पहल पर आयोजित इस शिविर में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, सहायक चिकित्सा कर्मचारियों सहित अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में कुल 48 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा में अपना योगदान दिया।
शिविर का आयोजन अस्पताल के प्रबंधक निदेशक डॉ आशीष गर्ग, डॉ राजीव डोगरा एवं डॉ प्रदीप मक्कड़ की पहल पर किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर प्रबंधक निदेशक डॉ आशीष गर्ग, डॉ राजीव डोगरा एवं डॉ. प्रदीप मक्कड़ ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन देने का माध्यम है। रक्त की आवश्यकता किसी भी मरीज को अचानक पड़ सकती है और ऐसे समय में उपलब्ध कराया गया रक्त उसके जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सक्षम लोगों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए, ताकि जरूरत के समय किसी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी 48 रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके इस सेवा भाव से समाज में मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूती मिलती है।
रक्तदान के लिए अस्पताल के कर्मचारियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। रक्तदाताओं ने भी कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने की पहल है। उनके द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
शिविर के सफल आयोजन में डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल टांडा की रक्त बैंक टीम का विशेष सहयोग रहा। टीम में डॉ. अश्मिता, रितु, अंकुर, दिनेश्वर, पंकज, प्रवीण तथा निखिल शामिल रहे। टीम ने रक्त संग्रहण सहित शिविर की अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित ढंग से पूरा किया।
अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि रक्तदान वास्तव में महादान है, क्योंकि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी अथवा आपातकालीन स्थिति में समय पर उपलब्ध रक्त किसी मरीज के लिए जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर साबित हो सकता है। अस्पताल प्रबंधन ने शिविर में रक्तदान करने वाले सभी 48 रक्तदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की।
प्रबंधन ने टांडा मेडिकल कॉलेज की रक्त बैंक टीम का भी विशेष धन्यवाद किया और कहा कि सिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल मटौर भविष्य में भी स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों एवं जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी जारी रखेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0