कांगड़ा से एम्स बिलासपुर के लिए सीधी इलेक्ट्रिक बस चलाने की रखी मांग
कांगड़ा से एम्स बिलासपुर के लिए सीधी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा से मुलाकात की।
सुमन महाशा । कांगड़ा
कांगड़ा से एम्स बिलासपुर के लिए सीधी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने की मांग को लेकर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा की अध्यक्षता में एक प्रतिनिधिमंडल ने हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए सुबह और शाम सीधी बस सेवा शुरू करने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल सहित कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज बेहतर उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किए जाते हैं। कांगड़ा से एम्स के लिए सीधी बस सेवा नहीं होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
अशोक शर्मा ने कहा कि मौजूदा बस व्यवस्था के तहत कांगड़ा से चलने वाली बस करीब 11 बजे एम्स बिलासपुर पहुंचती है। वहीं, मरीजों को ओपीडी जांच और टोकन प्रक्रिया के लिए सुबह ही अस्पताल पहुंचना पड़ता है। देर से पहुंचने के कारण कई मरीजों की ओपीडी और जांच प्रक्रिया प्रभावित होती है और उन्हें कई बार अगले दिन दोबारा अस्पताल जाना पड़ता है। इससे उनका समय और धन दोनों खर्च होते हैं।
उन्होंने कांगड़ा से सुबह करीब 4 बजे सीधी इलेक्ट्रिक बस चलाने का सुझाव दिया, जो लगभग 7:45 बजे एम्स बिलासपुर पहुंच सके। इसके अलावा शाम करीब 4 बजे एम्स बिलासपुर से कांगड़ा के लिए वापसी बस चलाने की मांग भी की गई।
प्रतिनिधिमंडल की मांग पर एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने कहा कि केवल आश्वासन देने के बजाय बस सेवा शुरू करने की दिशा में जल्द कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस सेवा से क्षेत्र के लोगों, विशेषकर मरीजों, बुजुर्गों और उनके तीमारदारों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0