जसूर से पांच इलेक्ट्रिक बसें रवाना, फिना सिंह परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपये मंजूर
जसूर से पांच इलेक्ट्रिक बसें रवाना, फिना सिंह परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपये मंजूर
रघुनाथ शर्मा । नूरपुर
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बुधवार को जसूर स्थित एचआरटीसी वर्कशॉप में पांच इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों को पठानकोट डिपो में शामिल किया गया है। ये बसें पठानकोट से बैजनाथ, डाडा सीबा, गगरेट, हरिपुर-धर्मशाला और कुंडीहार रूट पर चलेंगी। उन्होंने एचआरटीसी वर्कशॉप जसूर के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एचआरटीसी के बेड़े को आधुनिक बनाने के लिए एक हजार नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जा रही हैं। इसके अलावा 200 हाइड्रोजन और 250 डीजल बसें भी निगम में शामिल की जाएंगी। जल्द ही 300 ड्राइवरों और 300 कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सत महाजन की महत्वाकांक्षी फिना सिंह परियोजना के लिए 350 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। करीब 650 करोड़ रुपये की इस परियोजना पर पहले 300 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना का निर्माण जल्द पूरा किया जाएगा, जिससे नूरपुर क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि नूरपुर में 42.50 करोड़ रुपये के सीवरेज और 35 करोड़ रुपये के पेयजल कार्य प्रगति पर हैं।
एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने बताया कि प्रत्येक इलेक्ट्रिक बस प्रतिदिन कम से कम 250 किलोमीटर चलेगी। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और एचआरटीसी कर्मचारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0