कांगड़ा विधानसभा के विधायक पवन काजल ने 174 मेधावी छात्रों को किया सम्मानित
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष पवन काजल ने सोमवार को 174 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया।
सुमन महाशा। कांगड़ा
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक और प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष पवन काजल ने सोमवार को 174 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। इन छात्रों को 5200 रुपये की प्रोत्साहन राशि के साथ खेल और पढ़ाई की सामग्री भी भेंट की गई। यह सम्मान उन छात्रों को दिया गया जिन्होंने दसवीं और जमा दो बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
विधायक काजल ने घोषणा की है कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से संबंधित कोई भी छात्र-छात्रा जो दसवीं और जमा दो बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत या इससे अधिक अंक हासिल करेगा, उसे प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया जाएगा। जो छात्र इस सम्मान समारोह में शामिल नहीं हो पाए, वे अपने प्रमाण पत्र मटोर स्थित उनके कार्यालय में दिखाकर प्रोत्साहन राशि प्राप्त कर सकते हैं। अब तक लगभग 250 छात्रों को यह प्रोत्साहन राशि वितरित की जा चुकी है।
काजल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं में प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना, उन्हें नशे से दूर रखना और उनकी प्रतिभा को निखारना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सम्मान हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड, आईसीएसई या सीबीएसई, किसी भी बोर्ड से संबंधित छात्रों को दिया जाएगा। विधायक ने युवाओं को मोबाइल फोन से दूरी बनाने और अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में उच्च शिक्षा प्रदान करने के लिए किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। इसमें मटोर और तकीपुर में दो राजकीय डिग्री कॉलेज, दौलतपुर में एक आईटीआई और दस स्कूलों को जमा दो स्तर तक अपग्रेड करना शामिल है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने लगभग डेढ़ दर्जन खेल के मैदान भी विकसित करवाए हैं।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार, रंजीत सिंह, जिला पार्षद विजय विजू, महामंत्री नसीब सिंह, अमितेश शाह, चंपा भारद्वाज, सुरेश वालिया, सुरेश चौधरी, पूर्व प्रधान राजन (वीरता), पूर्व प्रधान रिंपल (जोगीपुर), बीडीसी सदस्य चंद्रेश कुमारी (जोगीपुर) सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0