कांगड़ा में अतिक्रमण पर एसडीएम सख्त, अवैध पार्किंग पर कटे चालान
एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
सुमन महाशा । कांगड़ा
एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरंग गली, कांगड़ा मंदिर बाजार, नगर परिषद मैदान, सदाशिव मंदिर और मटौर पुल का दौरा किया। मटौर पुल पर अनधिकृत रूप से पार्क किए गए वाहनों के चालान भी करवाए गए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मंदिर परिसर और आम रास्तों पर किए गए अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित लोगों को इसे तुरंत हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर परिषद और राजस्व विभाग के अधिकारियों को संबंधित भूमि की पैमाइश करवाने को कहा, ताकि अतिक्रमण की सही स्थिति स्पष्ट हो सके और नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।
नगर परिषद मैदान के समीप और विशाल के साथ लगती दीवार पर पीली लाइन लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही दोपहिया वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल विकसित करने को कहा गया। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और लोगों को आवागमन में परेशानी से बचाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
इसके अतिरिक्त डॉ. अंजलि गर्ग ने सदाशिव मंदिर में ट्रस्ट सदस्यों से बातचीत कर कीर्तन और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान ध्वनि स्तर का विशेष ध्यान रखने की अपील की, ताकि आसपास रहने वाले लोगों को असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद, राजस्व और पुलिस विभाग की टीमें मौजूद रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0