2027 का चुनाव सत्ता परिवर्तन नहीं, कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति का जनसंकल्प: विपिन सिंह परमार

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं होगा,

Aug 8, 2026 - 20:54
 0  9
2027 का चुनाव सत्ता परिवर्तन नहीं, कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति का जनसंकल्प: विपिन सिंह परमार

संजीव भारद्वाज। धर्मशाला

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का चुनाव नहीं होगा, बल्कि हिमाचल प्रदेश को कांग्रेस के कथित कुशासन, भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और झूठे वादों से मुक्त कराने का जनसंकल्प होगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

डलहौजी और भटियात विधानसभा क्षेत्रों के मंडलों में संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती तथा आगामी तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित मंडल मोर्चों के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठकों में परमार ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन उसकी सबसे बड़ी ताकत है और मंडल, मोर्चा, बूथ तथा पन्ना स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही आगामी चुनाव में पार्टी की जीत का आधार बनेगी।

परमार ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनता से संवाद करने और कांग्रेस सरकार की नीतियों एवं कार्यप्रणाली की वास्तविकता लोगों के सामने रखने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले जनता से बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा करने के बजाय घोषणाओं और आश्वासनों के सहारे जनता को बहलाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी, युवा, महिलाएं, किसान, बागवान, व्यापारी, मजदूर, पूर्व सैनिक और आम नागरिक सहित समाज का हर वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाषण और घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर काम चाहती है। रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, मजबूत सड़कें, किसानों-बागवानों के लिए राहत और युवाओं के लिए अवसर जनता की प्रमुख अपेक्षाएं हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा कि वे निराश न हों, बल्कि लोगों की समस्याएं सुनें और उनके समाधान के लिए संघर्ष करें।

चंबा में दिए गए अपने एक वक्तव्य को संदर्भ से काटकर प्रचारित किए जाने पर परमार ने कांग्रेस और उसके आईटी सेल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके बयान को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर भ्रामक तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका परामर्श कांग्रेस नेताओं के लिए था और राजनीतिक भाषा में मर्यादा बनाए रखने की बात उन्होंने पूरी दृढ़ता से कही थी। उन्होंने कांग्रेस से कट-पेस्ट और भ्रामक प्रचार की राजनीति छोड़कर अपने नेताओं की भाषा और आचरण पर आत्ममंथन करने को कहा।

परमार ने “मेरा युवा भारत चंबा” द्वारा खेल मंत्रालय के सहयोग से आयोजित “माय भारत लीडरशिप बूटकैंप” में भी सहभागिता की। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और परिवार, शिक्षण संस्थानों तथा सामाजिक संगठनों को मिलकर नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़नी होगी।

गुरु रविदास जयंती के संदर्भ में उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समानता, भाईचारे, सद्भाव और मानवता का संदेश दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर सामाजिक समरसता और एकता को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने आगामी तिरंगा यात्रा को राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताते हुए कार्यकर्ताओं से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

परमार ने कहा कि 2027 में भाजपा की सरकार बनने के बाद रुके हुए विकास कार्यों को गति दी जाएगी और हिमाचल को दोबारा विकास की पटरी पर लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2027 की लड़ाई झूठ और सच्चाई, कुशासन और सुशासन तथा निराशा और विकास के बीच होगी। भाजपा कार्यकर्ता पूरी ताकत से तैयार रहें और जनता के साथ मिलकर प्रदेश में सुशासन और विकास की सरकार स्थापित करने का संकल्प लें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0