कांगड़ा शहर में यातायात व्यवस्था होगी दुरुस्त, अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर होगी कार्रवाई
कांगड़ा शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाने के लिए एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग की अध्यक्षता में संयुक्त कार्यालय भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
सुमन महाशा। कांगड़ा
कांगड़ा शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाने के लिए एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग की अध्यक्षता में संयुक्त कार्यालय भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएसपी कांगड़ा राजेश कुमार, तहसीलदार प्रकाश चंद, व्यापार मंडल अध्यक्ष वेद प्रकाश, नगर परिषद उपाध्यक्ष राजकुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में कांगड़ा मंदिर बाजार, शहर के मुख्य क्षेत्रों और गगल मार्केट में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने को लेकर चर्चा की गई। एसडीएम ने अधिकारियों को शहर में येलो लाइन व्यवस्था की समीक्षा करने तथा जरूरत वाले स्थानों पर नई येलो लाइन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानदारों से येलो लाइन का उल्लंघन न करने की अपील की और कहा कि नियम तोड़ने वालों के चालान किए जाएंगे।
एसडीएम ने शहर में अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए। मुख्य सड़क के किनारे बने फुटपाथों को खाली करवाने को कहा गया, ताकि उनका उपयोग केवल पैदल यात्रियों के लिए हो सके। इसके अलावा सड़क किनारे पानी की निकासी वाली मुख्य लाइनों की सफाई करवाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अवैध और अनधिकृत पार्किंग पर कार्रवाई करने तथा दोपहिया वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल चिन्हित करने पर भी चर्चा हुई। डीएसपी राजेश कुमार ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरी स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने का सुझाव दिया, जिस पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
गगल राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण और मटौर पुल पर मालवाहक व बड़े वाहनों की आवाजाही को लेकर भी चर्चा हुई।
एसडीएम ने कहा कि नवरात्रों के दौरान कांगड़ा मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से यातायात का दबाव भी बढ़ेगा। उन्होंने अधिकारियों, व्यापारियों और आम लोगों से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0