भोरंज में घरेलू विवाद बना काल, बुजुर्ग महिला की मौत
हमीरपुर के भोरंज क्षेत्र में पिता-पुत्र के विवाद के बीच बचाव करने आई 80 वर्षीय महिला की गिरने से मौत, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो । भोरंज (हमीरपुर)
थाना भोरंज के तहत गांव लजयाणी में एक घरेलू विवाद ने दुखद मोड़ ले लिया। पिता-पुत्र के बीच हुए झगड़े में बीच-बचाव करने आई 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला रतनी देवी की गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब 25 वर्षीय युवक के काम से देर से घर लौटने पर उसके पिता श्याम लाल ने उसे टोका। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।
विवाद बढ़ता देख घर में मौजूद श्याम लाल की मां रतनी देवी बीच-बचाव के लिए आगे आईं। इसी दौरान धक्का-मुक्की में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर गईं। गिरने से उन्हें गंभीर चोट आई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों ने एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन महिला के दम तोड़ने के कारण उसे वापस भेज दिया गया। रात करीब 12 बजे पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, परिवार में पहले भी पिता-पुत्र के बीच विवाद होता रहता था। श्याम लाल के तीन बेटियां और एक बेटा है। बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटे साहिल शर्मा की शादी छह महीने पहले ही हुई है। वह पिकअप गाड़ी चलाने का काम करता है और घटना वाले दिन काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0