नादौन बस अड्डा के पास इंद्रपाल चौक में युवाओं ने किया जोरदार प्रदर्शन
केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा अन्दोलनकारी छात्रों पर पुलिस की बर्बर कार्यवाही के विरोध में नादौन बस अड्डा के पास इन्द्रपाल चौक पर क्षेत्र के युवाओं ने काले कपड़े पहन कर जोरदार प्रदर्शन किया।
रूहानी नरयाल। नादौन
केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तथा अन्दोलनकारी छात्रों पर पुलिस की बर्बर कार्यवाही के विरोध में नादौन बस अड्डा के पास इन्द्रपाल चौक पर क्षेत्र के युवाओं ने काले कपड़े पहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने केन्द्र सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी करते हुए धर्मेन्द्र प्रधान सहित प्रधानमंत्री का पुतला जलाया इसके बाद शहर भर में रैली निकाल कर विरोध जताया।
अपने संबोधन में युवाओं रिजुल, अभिषेक पंजवाल, अखिल ठुकराल, पर्व ठाकुर, साहिल, नितिन, शुभम अश्वनी, निखिल, अभय आदि ने पेपर लीक मामले में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि देश भर में शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चौपट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अन्दोलन कर रहे छात्र कोई आतंकवादी नहीं हैं लेकिन पुलिस द्वारा छात्र और छात्राओं के साथ जो बर्बरता की गई है उससे देश भर के छात्र वर्ग में गहरा रोष है।
उन्होंने पूछा कि पेपर लीक मामलों में आज तक किसी आरोपी को सजा क्यों नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अन्दोलन कर रहे छात्र बेहतर शिक्षा व्यवस्था की ही मांग कर रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि छात्रों पर हमला करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाए और जब तक धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होता तब तक देश का प्रत्येक युवा आराम से नहीं बैठेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने फास्ट ट्रैक कोर्ट में इन मामलों की सुनवाई की घोषणा अब आंदोलन में की है परंतु इससे पूर्व पेपर लीक मामले को उन्होंने गंभीरता से क्यों नहीं लिया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को बचाने के प्रयास सफल नहीं होंगे क्योंकि अब देश का युवा बेहतर शिक्षा व्यवस्था चाहता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0